मथुरा: आखिर सावन के आखिरी दिन इंद्र देव ब्रज में बरस ही गए। सुबह से छाए बदरा आखिर 11 बजे से जो बरसना शुरू हुए तो पूरे महीने की कसर पूरी कर ली। नगर के बाजारों और बाहरी कालोनियों में जलभराव हो गया। इसका असर यातायात पर पड़ा और दो घंटे तक तमाम सड़कों पर वाहन फंसे रहे। हाईवे पर भी जाम लगा रहा। मानसून का समय तो चल रहा है, लेकिन ब्रजवासी एक जोरदार बारिश के लिए पिछले एक माह से तरस रहे थे। अभी तक छोटे-छोटे हिस्सों में हल्की बारिश हो रही थी। कई बार बादल हाईवे पर बरस जाते तो शहर की सड़कें ही सूखी रह जाती। जन्मस्थान के आसपास बारिश होती तो होलीगेट का क्षेत्र सूखा रह जाता। लेकिन सावन के अंतिम दिन इंद्र देव ब्रज नगरी पर मेहरबान हुए और सुबह करीब 11 बजे से लेकर अगले एक घंटे तक जमकर बारिश हुई। इससे नगर निगम की नाला सफाई की पोल खुल गयी। शहर में ही होलीगेट के अंदर और बाहर पानी भर गया। होलीगेट के बाहर एक साइड में शांति मार्केट तक पानी भरा रहा और इससे व्यापारियों की दुकानदारी प्रभावित हुई। पुराने बस स्टैंड की रेलवे पुलिया के नीचे भी जलभराव हो गया तो नए बस स्टैंड व भूतेश्वर की पुलिया के नीचे भी पानी भरने से यातायात बाधित बना रहा। क्वालिटी रोड की नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ गया। नए बस स्टैंड पर पुलिया के नीचे पानी भरने से लोगों ने जान पर खेलकर रेलवे लाइन पार किया। साइकिल वाले तो पूरी तरह पटरियों को क्रास करके निकल रहे थे। कई रिक्शे, साइकिल सवार और बाइक जलभराव में गिर गए। रिक्शे वालों ने बहनों को बस स्टैंड तक पहुंचाने के लिए किराया बढ़ा दिया। यही हाल भूतेश्वर रेलवे पुलिय के नीचे रहा। शहर में आने-जाने वाले मार्गों पर जलभराव की वजह से श्री कृष्ण जन्म स्थान से आगे गो¨वद नगर का फ्लाई ओवर भी जाम से कराह उठा। यहां से लक्ष्मी नगर तक वाहनों के फंसने के कारण लोगों को मसानी और बाइपास लिंक रोड से हाईवे की ओर जाना पड़ा। बाहरी कालोनियों में भी यही स्थिति रही। मंडी के पास महेंद्र नगर में जलभराव इतना हो गया कि कई दुकानों में भी पानी भर गया। यहां मंडी समिति का नाला रोक दिए जाने से कालोनी में पानी भरा। महोली रोड, सुखदेव नगर, यमुना पल्ली पार और जयसिंह पुरा क्षेत्र की बस्तियों में सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम की पहली बारिश वो भी मात्र एक घंटा और शहर पानी से लबालब
0
Share.