फीरोजाबाद: रविवार शाम करीब चार बजे जिला मुख्यालय चौकी इंचार्ज प्रमोद यादव द्वारा लूट के आरोपी भाजपा कार्यकर्ता पुरुषोत्तम चौहान को चौकी बुलाकर गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी जनपद में जंगल की आग की तरह फ़ैल गयी। आरोपी के समर्थन में शिकोहाबाद के भाजपा विधायक डॉ. मुकेश वर्मा तमाम कार्यकर्ताओं के साथ थाना मटसेना पहुंच गए। आरोपी को छोड़ने के लिए कहा तो पता चला कि वह लूट का आरोपी है। रात भर थाने पर बैठे भाजपा विधायक सोमवार सुबह एसपी सिटी के कार्रवाई के आश्वासन पर मान गए और धरना समाप्त कर दिया। इंस्पेक्टर एवं चौकी इंचार्ज की कार्यशैली के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश था। भाजपाई पुलिस के संरक्षण में हो रहे अवैध खनन, हरे पेड़ों का कटान, जुआ-सट्टा के खिलाफ धरना पर बैठ गए। रात करीब 11 बजे सीओ सदर प्रेम प्रकाश यादव थाने पहुंचे और विधायक एवं अन्य भाजपाइयों से वार्ता की। करीब तीन घंटे तक सीओ ने वार्ता की, लेकिन भाजपाई विधायक ने इंस्पेक्टर केपी सिंह एवं चौकी इंचार्ज प्रमोद यादव के निलंबन से पहले धरना समाप्त न करने का एलान कर दिया। रातभर भाजपा विधायक एवं अन्य भाजपाई धरने पर बैठे रहे। सोमवार सुबह सदर विधायक मनीष असीजा समेत अनेक भाजपाई भी धरने में शामिल हो गए। करीब दस बजे एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह थाने पहुंचे और विधायक से वार्ता करने को कहा जिसमें दोषी पाए जाने पर इंस्पेक्टर एवं चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसी के बाद धरना समाप्त हो गया।
अपनी पार्टी की सरकार फिर भी विधायक जी ने थाने पर दिया धरना
0
Share.