वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अपनी पहली दीपावली मनाई। इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने विज्ञान, चिकित्सा , व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में भारतीय मूल के लोगों के उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। ट्रंप के दीपावली समारोह में संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की भारतवंशी दूत निक्की हेली, सेंटर्स फॉर मेडिकेयर एंड मेडिएड सर्विसेज की प्रशासक सीमा वर्मा, संघीय संचार आयोग के अध्यक्ष अजीत पई और मुख्य उप प्रेस सचिव राज शाह ने भी हिस्सा लिया। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में दीपावली मनाए जाने के बाद एक वीडियो साझा किया और फेसबुक पर लिखा, ‘हम जब दीपावली मनाते हैं तो खासतौर पर भारत के लोगों को याद करते हैं। उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का निर्माण किया है।’ राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने मजबूत संबंधों को काफी अहमियत देते हैं। वह प्रशासनिक अधिकारियों और भारतीय समुदाय के साथ रोशनी के पर्व दीपावली को मनाकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। व्हाइट हाउस की ओर से जारी की गई एक तस्वीर में ट्रंप की बेटी इवांका भी उनके साथ दिखाई पड़ती हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में मनाई दीपावली
0
Share.