मथुरा: अपनी मांगों को लेकर सिविल लाइन्स स्थित बरगद के पेड़ के नीचे धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के सब्र का बाँध गुरुवार को टूट गया। अपराहन ढाई बजे वे अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। लेकिन यहाँ दो आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को पुलिसकर्मियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के अंदर बंद कर दिया। जिससे अन्य कार्यकर्तियों में रोष व्याप्त हो गया और वे कार्यालय का चैनल पीटने लगी। दोनों के बाहर आते ही आंगनबाड़ी सड़क पर उतर आई। मुख्य मार्ग जाम कर धरने पर बैठ गई। ये हँगामा पांच घंटे तक चलता रहा। आँगनवाड़ी कार्यकर्तियों ने एडीएम व मुख्य विकास अधिकारी से बात तक नहीं की और जिलाधिकारी से बात करने पर अडी रहीं। जिस पर नगर मजिस्ट्रेट द्वारा एहतियातन महिला पुलिस और पी ऐ सी बल बुलाना पड़ा। उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी श्रमिक संघ की जिलाध्यक्ष ऊषा शर्मा और महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष शशि प्रभा ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों का कलक्ट्रेट पर हंगामा, सड़क जाम
0
Share.