जिला मुख्यालय पर धूम धाम से मनाया गया बाबा साहेब का जन्म दिवस

0

मथुरा 14 अप्रैल:  भारत रत्न डॉ0 भीमराव आम्बेडकर जन्म दिवस के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार मे एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किये गये। इस अवसर पर जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने हमें भारतीय संविधान के रूप में एक मजबूत आधार दिया। उन्हें बाल्यकाल के दौरान वर्णभेद का सामाजिक दंश झेलना पड़ा, जो किसी व्यक्ति को सामाजिक कुरीतियों के कारण दिल पर आघात करने वाली बात होती है। बाबा साहब लंदन गये तो उन्हें विदेश में ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला और उन्होंने ऐसे समाज को दखा, जिसमें कोई वर्ण भेद नहीं था। इस व्यवस्था को देख इस बात का संकल्प लिया कि ऐसी व्यवस्था/परिवेश से ही देश का विकास हो सकता है। उन्होंने अपने जीवन में बहुत संघर्ष किया। बाबा साहब में  राष्ट्र के प्रति समर्पण, निष्ठा तथा भावना के गुण विद्यमान थे। बाबा साहब का सबसे बड़ा धर्म मानव की सेवा करना तथा समता मूलक समाज की स्थापना करना था।  उन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता से सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का प्रयास किया। बाबा साहब को भारतीय संविधान सभा की प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाया गया तो उन्होंने विचार किया और कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समानता के आधार पर भारतीय होने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा वर्ग जो राष्ट्र की मुख्य धारा से कटा हुआ है उसे सम्मिलित किया जाय तो उन्होंने दलित, पिछड़े वर्ग के उत्थान हेतु भारतीय संविधान में व्यवस्थाएं सम्मिलित की। बाबा साहब ने परिनिर्माण से कई वर्ष पूर्व एक लाख अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म की दीक्षा प्राप्त की। उनका विचार था कि सबसे बड़ा धर्म मानवतावादी होता है। इससे कैसे समाज को अपने कार्य से लाभ पहुॅचा सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि बाबा साहब ने इतना मजबूत आधार भारतीय संविधान देश न दिया होता तो अपने भारत देश की अर्थ व्यवस्था इतनी प्रगति नहीं करती। आने वाले समय में बाबा साहब का सपना हम सभी को मिलकर पूर्ण करना होगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार गंगवार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रवीन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट डॉ0 बसंत अग्रवाल, जिला अभिहित अधिकारी चन्दन पाण्डेय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अशोक शर्मा, कलेक्ट्रेट संघ के जिलाध्यक्ष रामवीर शर्मा, फूड एण्ड ड्रग विभाग के डॉ0 शोभनाथ, कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के प्रभारी तथा कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

Share.

About Author

Comments are closed.